Sunday, December 16, 2018

मिलिए ऐसे शेफ़ से जो इंसान नहीं रोबोट है

एक कोने में शांति से टमाटर, पनीर, चिकन और प्याज़ के एक बराबर स्लाइस काटे जा रहे हैं. दूसरे कोने में कटे हुए मांस की टिक्कियों को भूना जा रहा है. वहीं, एक और कोने में बर्गर के लिए ब्रेड को गोलाकार काटा जा रहा है. फिर इन सभी सामानों को सलीक़े से एक के ऊपर एक परत जमाकर रखा जा रहा है.

इस तैयार बर्गर के ऊपर ग्राहक की मांग के मुताबिक़, मसाले छिड़कर कर फिर इसे कड़क या हल्का सेंका जा रहा है.

पूरे काम के दौरान, चूं तक की आवाज़ नहीं आ रही है. शेफ़ साहब न चीख रहे हैं, न पुकार लगा रहे हैं. और, बिल्कुल ग्राहक की डिमांड के हिसाब से तैयार बर्गर उसकी मेज तक पहुंच रहा है.

ये हैं इक्कीसवीं सदी के शेफ़, जो हो-हल्ला नहीं करते. सामान नहीं पटकते. और एक घंटे में एक दो या चार नहीं, 120 बर्गर बनाते हैं.

इन शेफ़ का नाम है, क्रिएटर.

क्रिएटर कोई इंसान नहीं, एक रोबोट है. और ये रोबोट ख़ुद थर्मल सेंसर से चलने वाली मशीन से नियंत्रित होता है. ताकि, मांस की टिकिया बिल्कुल सटीक तरीक़े से पके, न जले, न कच्ची रह जाए.

मशीन से तैयार बर्गर
इस शेफ़ में 350 सेंसर लगे हैं और ये 20 कंप्यूटरों की मदद से चलता है. इस आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस मशीन में इतना डेटा भरा गया है कि वो बर्गर को हर ग्राहक की पसंद के हिसाब से तैयार करता है.

न चीज़ ज़्यादा होता है, न प्याज़ जलता है. कितना सॉस और कितना जैम पड़ेगा, इसके आंकड़ों की भी इस में भरमार है. किसी को मेक्सिकन बर्गर चाहिए, तो वो भी मिलेगा और कोई वड़ा पाव वाला चाहे, तो वो भी क्रिएटर साहब तैयार कर देंगे.

और मशीन से तैयार इस बर्गर की क़ीमत भी आम बर्गर जैसी ही है. केवल 6 डॉलर.

क्रिएटर तैयार करने वाले कंप्यूटर इंजीनियर एलेक्स वर्डाकोस्टास कहते हैं, "रोबोट की मदद से हम काम को और बेहतर ढंग से कर पाते हैं. तेज़ी से और सटीक अंदाज़ में निपटा पाते हैं. हम मशीन के सीखने की क्षमता का इस्तेमाल कर के बिल्कुल ग्राहक की डिमांड वाली चीज़ें तैयार कर सकते हैं."

क्रिएटर का बनाया बर्गर खाने वाले इसे ताज़ा, स्वादिष्ट और एकदम सही पका हुआ कहते हैं. इससे बर्गर बनवाने का फ़ायदा है बड़ी तेज़ी से ढेर सारे बर्गर एक साथ तैयार हो सकते हैं.

यानी फास्ट फूड अब और भी फास्ट हो गया है. ये मशीन पांच मिनट में एक बर्गर तैयार कर देती है और एक साथ कई बर्गर तैयार करती है. यानी हर तीस सेकेंड में एक बर्गर बनता है.

No comments:

Post a Comment