Wednesday, December 5, 2018

PM मोदी बोले- मिशेल खोलेगा अगस्ता के राज, वाड्रा पर कहा- सजा होकर रहेगी

राजस्थान में सत्ता बचाने की कोशिश में जुटी भारतीय जनता पार्टी चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत लगा रही है. राज्य में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है, ऐसे में बीजेपी की तरफ से उनके सबसे बड़े प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मैदान में उतारा गया है. राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो रैली हैं.

सबसे पहले प्रधानमंत्री ने राजस्थान के सुमेरपुर में रैली को संबोधित किया. इसके बाद में दौसा में रैली होगी. सुमेरपुर में प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत में 'भारत माता की जय' के नारे लगवाए. उन्होंने जनता से पूछा कि आपको तो इस नारे में तकलीफ नहीं है ना, क्योंकि कांग्रेस के नामदार को इसमें तकलीफ है. उन्होंने कहा कि पाली में महाराणा प्रताप की माता का जन्म हुआ, यहां का एक मुट्ठी बाजरा अत्याचारियों पर भारी पड़ता है. ब्रिगेडियर हरिदेव सिंह यहां ही पैदा हुए जिन्होंने लाहौर में तिरंगा फहराया था.

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2013 के चुनाव में प्रचार का आखिरी कार्यक्रम पाली में हुआ था, इस बार भी शुरुआत अलवर से और अंत पाली से हो रहा है. राजस्थान की जनता ने बीजेपी को विजय बनाने का फैसला कर लिया है. उन्होंने कहा कि अब हमारा काम एक-एक पोलिंग बूथ जीतना है, सिर्फ राजस्थान नहीं एक-एक पोलिंग बूथ जीतना है. हमारा मंत्र होना चाहिए मेरा पोलिंग बूथ-सबसे मजबूत होना चाहिए. इस सभा के बाद सभी कार्यकर्ता एक-एक मतदाता से मिलेंगे और उनके घर जाकर अधिक वोट डलवाएंगे.

PM मोदी ने रैली में कहा कि कांग्रेस वाले कहते थे कि राजस्थान में बीजेपी बचेगी नहीं, साफ हो जाएगी. दिल्ली के एयरकंडिशन कमरों में बैठकर प्रदूषण फैला रहे थे. जो लोग 2014 में मोदी को हराना चाहती थी, वो तब निराश हो गए. इसलिए वो राजस्थान में मेल बैठाना चाह रहे हैं, राजस्थान के लोगों ने भी इस हवा को चकना चूर कर दिया है. वो लोग अभी से हार का कारण बता रहे हैं कि कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई के कारण हम हार रहे हैं. कांग्रेस अब ये सोच रही है कि पराजय का ठीकरा नामदार के सिर पर ना फूटे उसके लिए क्या करें.

PM ने रैली में कहा कि कुछ लोगों ने ये भी पूछा कि मोदी की जाति कौन-सी है, कांग्रेस ने चुनाव में जातिवाद का जहर फैलाने का काम किया. कांग्रेस ने कई पाप किए हैं, तो क्या आपका भला कर सकते हैं क्या. जब कांग्रेस के प्रधानमंत्री थे, तो क्या किसान का घर सोने-चांदी का था क्या. पहले क्या किसान के घर ट्रैक्टर, उनके बच्चे विदेश में पढ़ते थे. जो काम कांग्रेस ने नहीं किया, उसका जवाब मोदी से मांगा जा रहा है. उन्होंने कहा कि पहले चार पीढ़ी का हिसाब दो, फिर चार साल का हिसाब मांगों.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नामदार बोलते हैं कि मोदी भ्रष्टाचार पर नहीं बोलते हैं, लेकिन जिन खबरों को दबा दिया जाए तो समझ लेना की नामदार मुश्किल में हैं. मैं सोने का चम्मच लेकर पैदा नहीं हुआ, मैंने गरीबी देखी है. देश की गरीबी के लिए एक परिवार ही जिम्मेदार है. कांग्रेस सिर्फ 'तुम भी लूटो, मैं भी लूटो' का खेल खेलती रही.

No comments:

Post a Comment