Monday, March 25, 2019

पाकिस्तानी हिन्दू पूछ रहे- धर्मपरिवर्तन के बाद लड़कियां केवल पत्नियां बनती हैं, बेटियां या बहनें क्यों नहीं?

पाकिस्तान में दो हिंदू लड़कियों के अपहरण और धर्म परिवर्तन पर पाकिस्तान के हिंदू भी सवाल खड़ा कर रहे हैं.

सिंध की दो नाबालिग़ हिंदू लड़कियों और उनके पिता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं.

मामला गुरुवार का है लेकिन रविवार को भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के ट्वीट के बाद ये और सुर्ख़ियों में आया.

पाकिस्तान में लोग सवाल खड़ा कर रहे हैं कि आख़िर कम उम्र की हिंदू लड़कियां ही क्यों इस्लाम से प्रभावित होकर धर्म परिवर्तन करती हैं?

यहां के पत्रकार कपिल देव ने सवाल किया है, "आख़िर नाबालिग़ हिंदू लड़कियां ही इस्लाम से क्यों प्रभावित होती हैं? क्यों उम्रदराज़ मर्द या औरतें इससे प्रभावित नहीं होते? क्यों धर्मपरिवर्तन के बाद लड़कियां केवल पत्नियां बनती हैं, बेटियां या बहनें नहीं बनतीं?"

कहा जा रहा है कि इन लड़कियों को पाकिस्तान में सिंध प्रांत के घोटकी ज़िले से अग़वा किया गया था.

लड़की के भाई और पिता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें वो अपना दर्द बयां कर रहे हैं.

दूसरी तरफ़ एक वैसा वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है जिसमें वो अपनी इच्छा से इस्लाम स्वीकार करने की बात कह रही हैं.

पाकिस्तान के सूचना मंत्री चौधरी फ़व्वाद हुसैन ने ट्वीट कर बताया है कि प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने पंजाब और सिंध की सरकारों को जांच के लिए कहा है.

पाकिस्तान में ट्विटर पर  का हैश टैग भी वायरल हो रहा है.

यहां के हिंदू समुदाय के लोग ज़बर्दस्ती धर्म परिवर्तन पर रोक लगाने और अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देने की मांग कर रहे हैं.

हिंदू समुदाय से आने वाले पाकिस्तान के ब्लॉगर मुकेश मेघवार ने ट्वीट किया है, "16 साल की उम्र में मलाला किताब नहीं लिख सकतीं लेकिन 12 और 14 साल की हिंदू लड़कियां इस्लाम क़ुबूल कर सकती हैं? (प्योर नेशनल लॉजिक)"

मुर्तज़ा सोलांगी ने भी सवाल किया है, "क्यों नाबालिग़ हिंदू लड़कियां ही इस्लाम क़ुबूल करती हैं और उन्हें तुरंत पति मिल जाता है? भाई क्यों नहीं मिलता? उन्हें हिंदू लड़के या बड़ी उम्र के लोग क्यों नहीं मिलते? इस पर सोचिए, इसे समझना बहुत मुश्किल भी नहीं."

पाकिस्तान में मानवाधिकार कार्यकर्ता, पत्रकार और आम लोगों ने भी इस तरह की घटनाओं पर आक्रोश व्यक्त किया है.

पाकिस्तान की मानवाधिकार कार्यकर्ता ज़ैनब बलोच ने दोनों लड़कियों का एक वीडियो ट्वीट किया है.

इसमें एक लड़की रोते हुए बता रही है कि जिन लड़कों से उनका निकाह कराया गया, वो उन्हें और उनके घर वालों को मारते-पीटते हैं.

बलोच लिखती हैं, "मुल्तान की दो असहाय हिंदू लड़कियां, जिनका कथित रूप से अपहरण किया गया. ख़ुद को कट्टरपंथियों से बचाए जाने की गुहार लगा रही हैं. रीना और रवीना का सिंध में अपहरण और धर्म परिवर्तन के बाद ये ख़बरें आई हैं."

इस ख़बर पर अभी हंगामा मचा ही हुआ है कि सिंध से एक और हिंदू लड़की के अपहरण और धर्मपरिवर्तन की ख़बरें पाकिस्तानी मीडिया में आई हैं.

पत्रकार बिलाल फ़ारुक़ी ने ट्वीट किया है, "एक और हिंदू लड़की सोनिया भील का सिंध में अपहरण कर लिया गया. ये तब हुआ है जब हाल ही में दो हिंदू लड़कियों रीना और रवीना के अपहरण और धर्म परिवर्तन की ख़बरें सुर्खियों में हैं. ये सरकार अल्पसंख्यकों की सुरक्षा में क्यों असफल साबित हो रही है?"

लेकिन ट्वीट पर कुछ पाकिस्तानी सोशल मीडिया यूज़र्स ने भारत में अल्पसंख्यकों की हालत पर भी सवाल खड़े किए हैं.

भारत में होली के दिन दिल्ली के पास गुरुग्राम में एक मुस्लिम परिवार की कुछ गुंडों ने घर में घुस पर पिटाई की थी, जिस पर काफ़ी हंगामा मचा हुआ है.

ट्विटर यूज़र अमीर तैमूर ख़ान ने लिखा है, "मिस्टर चौकीदार सुषमा स्वराज आपने दो हिंदू लड़कियों के अपहरण के बारे में पूछा है और हमने जवाब दे दिया. अब आप दिल्ली में मुस्लिम परिवार की बेरहमी के साथ जानवरों की तरह पिटाई के बारे में हमें बताएंगी?"

उधर, पाकिस्तानी अख़बारों ने भी हिंदू लड़िकियों के अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन की ख़बर को सुर्खि़यां बनाई हैं .

पाकिस्तान के चुनिंदा अंग्रेज़ी अख़बारों ने इसे टॉप स्टोरी बनाया है. लगभग सभी अख़बारों ने अपने पहले पन्ने की इसे लीड बनाया है.

द डॉन अख़बार ने प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की ओर से जांच के आदेश दिए जाने की ख़बर प्रमुखता से प्रकाशित की है.

अख़बार ने लिखा है, 'पीएम ने पंजाब और सिंध की सरकारों को कथित अपहरण और जबरन धर्मांतरण मामले की जांच के आदेश दिए.'

लड़कियों और उनके पिता के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ये मामला सुर्खि़यों में आया.

ख़बर में लिखा है, 'हालांकि लड़कियों का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें वो कह रही हैं कि उन्होंने अपनी इच्छा से इस्लाम धर्म स्वीकार किया है. '

No comments:

Post a Comment